अंतर्राष्ट्रीय

प्यार का खतरनाक इजहार! एम्पायर स्टेट बिल्डिंग पर चढ़े प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार

न्यूयॉर्क सिटी की प्रतिष्ठित एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की चोटी पर चढ़कर प्रपोज करने वाले एक रूसी कपल को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया।

32 वर्षीय इवान बीरकस ने बिल्डिंग की 1,454 फीट (443 मीटर) ऊंची चोटी पर पहुंचकर 33 वर्षीय एंजेला निकोलाउ को घुटनों के बल बैठकर अंगूठी के साथ प्रपोज किया। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को किस किया और करीब 10 मिनट तक इमारत की चोटी पर मौजूद रहे।

इस दौरान दोनों ने गगनचुंबी इमारत के शिखर पर एक बड़ा बैनर भी लहराया, जिस पर लिखा था— “जब प्रेम की शक्ति, सत्ता के प्रेम पर भारी पड़ती है, तभी दुनिया शांति को जानती है।” माना जाता है कि यह कथन प्रसिद्ध गिटारवादक जिमी हेंड्रिक्स से जोड़ा जाता है, जबकि इसे मूल रूप से 19वीं सदी के ब्रिटिश राजनेता विलियम ग्लैडस्टोन ने कहा था।

काले रंग के स्ट्रीटवियर कपड़े पहने इस कपल को नीचे उतरने के बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनके खिलाफ सेंधमारी, लापरवाही से दूसरों की जान खतरे में डालने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, अवैध प्रवेश और सार्वजनिक अव्यवस्था फैलाने सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस आयुक्त जेसिका टिश ने बॉडीकैम फुटेज जारी करते हुए बताया कि इमरजेंसी सर्विसेज यूनिट के अधिकारियों ने इस हाई-प्रोफाइल स्टंट के तुरंत बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के प्रवक्ता ने कहा कि यह पूरी तरह अनधिकृत घटना थी, लेकिन इससे भवन के किरायेदारों, पर्यटकों या ऑब्जर्वेशन डेक पर मौजूद लोगों की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं हुआ।

इवान और एंजेला मूल रूप से रूस के मॉस्को के रहने वाले हैं और वर्तमान में न्यू जर्सी के ईस्ट ऑरेंज में रहते हैं। उनकी प्रेम कहानी और खतरनाक ऊंचाइयों पर चढ़ने के शौक पर आधारित 2024 की नेटफ्लिक्स डॉक्यूमेंट्री “Skywalkers: A Love Story” काफी चर्चित रही, जिसका प्रीमियर जनवरी 2024 में सनडांस फिल्म फेस्टिवल में हुआ था।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button