अंतर्राष्ट्रीयराष्ट्रीय

18th BRICS SUMMIT -नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस

18th BRICS SUMMIT NEW DELHI 2026

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस इस महीने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। भारत की अध्यक्षता में 12-13 सितंबर को होने वाली इस बैठक में सदस्य देशों और साझेदार देशों के शीर्ष नेता जुटेंगे।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस इस महीने के अंत में नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। भारत इस वर्ष ब्रिक्स (दुनिया की प्रमुख उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं और विकासशील देशों का संगठन) की अध्यक्षता कर रहा है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12-13 सितंबर को 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस सम्मेलन में ब्रिक्स के सदस्य देशों और साझेदार देशों के नेताओं के साथ-साथ विशेष आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने मंगलवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हमने अभी आधिकारिक रूप से यह घोषणा नहीं की है कि महासचिव करीब 10 दिन बाद नयी दिल्ली में होने वाली ब्रिक्स बैठक में हिस्सा लेंगे।’’ इस वर्ष ब्रिक्स का विषय ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि ब्रिक्स की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए भारत के 25 से अधिक शहरों में 350 से ज्यादा बैठकें और उच्चस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

ये कार्यक्रम ब्रिक्स सहयोग के तीन प्रमुख स्तंभों— राजनीतिक एवं सुरक्षा, आर्थिक एवं वित्तीय तथा सांस्कृतिक एवं लोगों के बीच संपर्क को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किए गए। भारत ब्रिक्स के संस्थापक सदस्यों में एक है और इससे पहले 2012, 2016 और 2021 में इसकी अध्यक्षता कर चुका है। भारत ने एक जनवरी 2026 को चौथी बार ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button