उत्तराखंड

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने पति के खिलाफ दर्ज कराई FIR..

उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण और बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति के खिलाफ जान से मारने की साजिश रचने, जालसाजी और जातिगत प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए देहरादून की कैंट कोतवाली में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है |

मामले के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। इस बीच सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में रेखा आर्य भावुक होकर रोती दिखाई दे रही हैं।  मामला दर्ज कराने के कुछ ही देर बाद मंत्री की तबियत बिगड़ गयी जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।

इससे पहले, आर्य ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में मामला दर्ज कराने की जानकारी दी थी। उन्होंने वीडियो के साथ अपने पति की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साझा की, जिसमें वह कथित तौर पर उन्हें जान से मारने की साजिश रचते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में आर्य ने कहा कि अपने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर उन्होंने यह मामला दर्ज कराया है।

उन्होंने बताया कि साहू से उनकी शादी 2004 में हुई थी। आंखों से बहते आंसुओं के बीच वीडियो में मंत्री ने बताया कि उनके पति के इस ऑडियो ने उन्हें झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘इस ऑडियो ने मेरे वैवाहिक जीवन और समर्पण पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है।क्या सच्चाई, ईमानदारी के साथ रहने का यही परिणाम मिलता है?’’ उन्होंने कहा कि इस ऑडियो को सुनने के बाद मानसिक आघात और अपने बच्चों की सुरक्षा की चिंता के कारण उन्होंने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लिया। अपने वीडियो बनाने की वजह बताते हुए मंत्री ने कहा, ‘‘मैं यह वीडियो इसलिए भी बना रही हूं कि महिला चाहे आम हो या खास, वह घरेलू अत्याचार और मानसिक उत्पीड़न नहीं सहे। इसे सहना नहीं है, बल्कि इसके खिलाफ आवाज उठानी है।” उन्होंने कहा कि वह हमेशा संविधान को साक्षी मानकर अपने कर्तव्य निभाती आयी हैं और आगे भी ऐसा करती रहेंगी।

रेखा आर्य ने आरोप लगाया है कि पति के कथित संबंधों का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। उन्होंने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। इसके अलावा, मंत्री ने सरकारी आवास में कर्मचारियों के सामने जातिसूचक अपमानजनक टिप्पणी किए जाने की शिकायत भी की है।मंत्री ने संबंधित कंपनियों में निदेशक पद से हटाने के लिए कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर और दस्तावेजों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने न तो संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और न ही त्यागपत्र दिया।

शिकायत में रेखा आर्य ने एक कथित ऑडियो का भी उल्लेख किया है। उनका आरोप है कि इसमें गिरधारी लाल साहू एक महिला से बातचीत के दौरान उनकी हत्या की साजिश से जुड़ी बातें कर रहे हैं। हालांकि, ऑडियो की प्रामाणिकता और उसमें हुई बातचीत की सत्यता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

रेखा आर्य ने अपनी और अपने नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

फिलहाल, मामले में पुलिस जांच जारी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों को अभी सिद्ध तथ्य नहीं माना जा सकता। कथित ऑडियो, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।आरोपों की पुष्टि और मामले में आगे की कानूनी स्थिति पुलिस की जांच तथा संबंधित न्यायिक प्रक्रिया पर निर्भर करेगी। फिलहाल मामला घरेलू उत्पीड़न, कथित वैवाहिक धोखाधड़ी, जातिगत अपमान, दस्तावेजों में कथित जालसाजी और हत्या की साजिश के आरोपों को लेकर चर्चा में है। इस मामले में सामने आए आरोपों और ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button