उत्तराखंडराजनीति

राज्यसभा के लिए भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने दाखिल किया नामांकन, सीएम धामी, महेंद्र भट्ट और तीरथ सिंह रावत समेत पार्टी के मंत्री, सांसद व विधायक रहे मौजूद

कांग्रेस प्रत्याशी नहीं उतारती है तो निर्विरोध निर्वाचन तय

देहरादून। उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने मंगलवार को विधानसभा भवन, देहरादून में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत पार्टी के मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे। नामांकन से पहले भाजपा विधायक दल की बैठक हुई, जिसके बाद दिनेश आर्य पार्टी नेताओं और विधायकों के साथ विधानसभा पहुंचे और निर्वाचन कार्यालय में नामांकन पत्र जमा किया।

 

भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने चार अक्टूबर को दिनेश आर्य के नाम पर मुहर लगाते हुए उन्हें उत्तराखंड से राज्यसभा का प्रत्याशी घोषित किया था। प्रत्याशी के नाम की घोषणा के बाद मंगलवार को नामांकन के साथ चुनाव प्रक्रिया ने अगले चरण में प्रवेश कर लिया।

 

संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं दिनेश आर्य

नैनीताल क्षेत्र से आने वाले दिनेश आर्य लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रहे हैं। वह भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा में भी उन्होंने प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक दायित्व निभाया है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने नैनीताल विधानसभा सीट से भाजपा टिकट के लिए दावेदारी भी की थी।

 

दिनेश आर्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वह राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष हैं। पार्टी नेतृत्व ने उनके संगठनात्मक अनुभव और कुमाऊं क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करने में उनकी भूमिका को देखते हुए उन्हें राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाया है।

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दिनेश आर्य को पार्टी का वरिष्ठ और समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि संगठन में उनके लंबे योगदान का पार्टी को लाभ मिला है। विशेष रूप से कुमाऊं क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

25 नवंबर को खत्म होगा नरेश बंसल का कार्यकाल

उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसी रिक्त होने वाली सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव कराया जा रहा है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर है। आवश्यकता पड़ने पर 16 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा और इसी दिन मतगणना भी होगी।

कांग्रेस प्रत्याशी नहीं उतारती तो निर्विरोध चुनाव

उत्तराखंड विधानसभा में भाजपा के पास पर्याप्त संख्या बल होने के कारण दिनेश आर्य का राज्यसभा पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। यदि कांग्रेस या विपक्ष की ओर से प्रत्याशी नहीं उतारा जाता है तो उनका निर्विरोध निर्वाचन होगा। हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा नामांकन प्रक्रिया पूरी होने और नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद ही की जाएगी।

उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश की 10 और पश्चिम बंगाल की एक राज्यसभा सीट के लिए भी 16 अक्टूबर को मतदान प्रस्तावित है। दिनेश आर्य के नामांकन के साथ उत्तराखंड की सीट को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही राजनीतिक अटकलों पर भी विराम लग गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button