विविध

उत्तराखंड – BJP ने शुरू की चुनावी तैयारी, 2027 के लिए विस्तारक योजना के संयोजकों की सूची जारी

भारतीय जनता पार्टी की उत्तराखंड इकाई ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी संगठनात्मक सक्रियता तेज कर दी है। पार्टी ने प्रदेश सचिव नलिन भट्ट को ‘विस्तारक’ योजना का प्रदेश संयोजक बनाया है, जबकि पांच अन्य नेताओं को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। आगामी 13 और 14 अक्टूबर को काशीपुर में होने वाली कार्यशाला में वरिष्ठ नेता सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति का प्रशिक्षण देंगे।

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई ने रविवार को जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने के प्रयास तेज करते हुए ‘विस्तारक’ योजना के लिए संयोजकों और सह-संयोजकों की सूची जारी की। भाजपा की प्रदेश इकाई ने बताया कि प्रदेश सचिव नलिन भट्ट को योजना का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है जबकि दिनेश खुल्बे, अखिलेश डबराल, विक्रम कंडारी, त्रिलोक सिंह बुटोला और मोहित कौशिक को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा, ‘‘प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट की मंजूरी से प्रदेश महामंत्री ने ‘विस्तारक’ योजना के लिए प्रदेश संयोजकों और सह-संयोजकों की सूची जारी की है।

यह योजना 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर लागू की जा रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह टीम प्रदेश चुनाव संपन्न होने तक 70 पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से ‘विस्तारक’ योजना को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।’’ पार्टी ने रविवार शाम यह भी घोषणा की कि विधानसभा क्षेत्रों के लिए नवनियुक्त विस्तारकों और प्रभारियों को 13 और 14 अक्टूबर को काशीपुर में आयोजित कार्यशाला में राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी का मार्गदर्शन मिलेगा। कार्यशाला में वक्ता संगठनात्मक, राजनीतिक और रणनीतिक पहलुओं के साथ-साथ चुनावी रूपरेखा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण देंगे। पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के विस्तारकों और प्रभारियों के लिए आयोजित इस कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में वरिष्ठ नेता उनका मार्गदर्शन करेंगे।

इनमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बी. एल. संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह-प्रभारी अरविंद मेनन, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्रनाथ शर्मा शामिल हैं। परिहार ने कहा, ‘‘इस कार्यशाला का उद्देश्य चुनाव की तैयारी के लिए जमीनी स्तर पर संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाना है। इसके जरिए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तय संगठनात्मक कार्यक्रमों और रणनीतियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि लगातार तीसरी बार चुनाव जीतने का लक्ष्य हासिल किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button